नैनीताल, 12 फ़रवरी । महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर थाना भीमताल क्षेत्रान्तर्गत छोटा कैलाश मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 14 एवं 15 फरवरी को विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
नैनीताल पुलिस की ओर से बताया गया है कि अमृतपुर की ओर से छोटा कैलाश जाने वाले सभी वाहनों को वन-वे व्यवस्था के अंतर्गत ग्राम पंचायत गेट बानना तिराहा (लामजाला तिराहा) से डायवर्ट कर धूरा तिराहा होते हुए ओपन थिएटर पार्किंग तक भेजा जाएगा। वहां से श्रद्धालु पैदल मंदिर तक जाएंगे। वापसी में वाहन भटेलिया गांव से लामजाला तिराहा होते हुए अमृतपुर गेट की ओर जा सकेंगे।
जबकि भीमताल की ओर से आने वाले वाहन जंगलिया गांव से धूरा तिराहा होते हुए ओपन थिएटर तक पहुंच सकेंगे। दर्शन के बाद वापसी वन-वे व्यवस्था के तहत भटेलिया गांव से लामजाला तिराहा होकर धूरा तिराहा अथवा अमृतपुर गेट के रास्ते भीमताल की ओर होगी।
यह भी बताया गया है कि पर्व के दौरान अमृतपुर गेट से छोटा कैलाश की ओर सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। काठगोदाम से अमृतपुर की ओर टैम्पो एवं ई-रिक्शा वाहनों का संचालन भी वर्जित रहेगा। ओपन थिएटर बैरियर से छोटा कैलाश मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। यदि पार्किंग स्थल भर जाते हैं तो वाहनों को मुख्य मार्ग से पीछे सुरक्षित स्थानों पर क्रमबद्ध रूप से खड़ा कराया जाएगा। गलत स्थान पर खड़े वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर क्रेन से हटाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सीमित पार्किंग क्षमता को देखते हुए यथासंभव छोटे सार्वजनिक वाहनों या दुपहिया वाहनों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
