नैनीताल, 13 मार्च । नैनीताल के चारखेत में शुक्रवार से तीन दिवसीय नैनीताल लिटरेचर फेस्टिवल शुरू हो गया है। कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा प्रख्यात साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया। 15 मार्च तक चलने वाले इस साहित्यिक आयोजन में देश और विदेश के अनेक लेखक, साहित्यकार, विचारक और फिल्मकार भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में साहित्यकार प्रो. पुष्पेश पंत और आयुक्त दीपक रावत सहित अन्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। श्री रावत ने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे चारखेत जैसे नये विकसित हो रहे पर्यटन स्थलों को नई पहचान प्राप्त होगी। साथ ही स्थानीय लोगों को देश-विदेश के लेखकों और विचारकों से मिलने का अवसर मिलेगा, वहीं युवाओं को साहित्य, लेखन और चिंतन के क्षेत्र में प्रेरणा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लेखक एवं फिल्मकार इंद्रजीत पंत ने भी राजुला-मालूशाही पर आधारित फिल्म के संदर्भ में अपने विचार प्रस्तुत किए और इस लोककथा के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर देश-विदेश से आए लेखक, साहित्यकार, विचारक और फिल्मकार सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
