uk-health-dhan-singh-rawat

देहरादून, 07 मार्च । राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रत्येक विकासखंड में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी की जाएगी।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर ब्लॉक स्तर तक इन सुविधाओं को पहुंचाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री धन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार उन्नत करने के लिए कार्य कर रही है, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मरीजों की समस्याओं को देखते हुए विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मशीनें स्थापित करने के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 95 विकासखंडों में 84 एक्स-रे मशीन और 47 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं। इनमें अल्मोड़ा और नैनीताल में 8-8, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चम्पावत में 3-3, चमोली, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में 7-7, देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी में 6-6, पौड़ी में 11 तथा टिहरी में 9 एक्स-रे मशीनें कार्यरत हैं। इसी प्रकार अल्मोड़ा और नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों में 3-3 अल्ट्रासाउंड मशीनें हैं, जबकि पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में 6-6, चमोली, टिहरी और पिथौरागढ़ में 5-5, उत्तरकाशी और देहरादून में 4-4, चम्पावत और रुद्रप्रयाग में 2-2 तथा बागेश्वर और हरिद्वार में 1-1 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं।

मंत्री ने बताया कि जिन विकासखंडों में अभी ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके तहत चमोली के देवाल, घेस, नंदप्रयाग और थराली तथा देहरादून के चकराता और कालसी में अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। हरिद्वार के बहादराबाद, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर और नारसन में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी। इसके अलावा पौड़ी के द्वारीखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, नैनीडांडा, पाबौं और रिखणीखाल में अल्ट्रासाउंड मशीन तथा जयहरीखाल, खिर्सू, कोट और पोखड़ा में अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे दोनों मशीनें स्थापित की जाएंगी। अन्य जिलों के विकासखंडों में भी चरणबद्ध तरीके से ये सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी विकासखंडों की चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि मरीजों को जांच सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights