uk-governor-released-book

देहरादून, 09 फ़रवरी । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने सोमवार को लोक भवन में ‘फ्लेवर ऑफ देवभूमि’ पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक का प्रकाशन इंडियन फेडरेशन ऑफ कुलिनरी एसोसिएशन की ओर से किया गया है। पुस्तक के निर्माण में शेफ डॉ. नीरज अग्रवाल, शेफ योगेन्द्र सिंह नेगी, शेफ दीपा चावला और गोपाल सिंह का विशेष योगदान रहा है।

पुस्तक में उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान, संस्कृति एवं जीवन-शैली को सरल और रोचक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों के साथ उनके स्वास्थ्य लाभों का भी विस्तृत वर्णन किया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक प्रदेश की प्राचीन रसोई परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उत्पादित मंडुआ, झंगोरा और जखिया जैसे पारंपरिक अनाज एवं मसाले स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद और व्यंजन स्वाद के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर हैं और वर्तमान समय में इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।

राज्यपाल ने कहा कि आज लोग तेजी से जैविक उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं और उत्तराखण्ड इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने मातृ-शक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ की महिलाओं ने इन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। राज्यपाल ने पुस्तक के लेखकों एवं उनकी टीम को इस प्रयास के लिए बधाई दी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights