uk-champawat-temple-based

चंपावत, 10 फ़रवरी । चम्पावत जिले में नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। इस अभियान में संस्कृति और आस्था को माध्यम बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नागनाथ मंदिर और हिंगला देवी मंदिर में संस्कृति संवर्धन किट वितरित कर नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों मंदिरों में पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंदिर समितियों से संवाद कर नशा मुक्ति अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने जोर दिया कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों से दिया गया संदेश युवाओं में सकारात्मक सोच और जिम्मेदार जीवनशैली को बढ़ावा देने में सहायक होता है।

कार्यक्रम में उपस्थित संतों और मंदिर प्रतिनिधियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर नागनाथ मंदिर के महंत शंकर नाथ रावल, श्री 1008 अशोक गिरी महाराज, दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडेय और विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights