मुज़फ्फरनगर| डीएवी पीजी कॉलेज बुढ़ाना के मुख्य गेट पर सोमवार को छात्र संघ के नेतृत्व में धरना शुरू हो गया। छात्र उज्जवल राणा की मौत को लेकर छात्रों में गहरा आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। धरना स्थल पर “उज्जवल को इंसाफ दो” के नारे लगातार गूंज रहे हैं।इस धरने में केवल बुढ़ाना ही नहीं, बल्कि मेरठ, बागपत, शामली और आसपास के जिलों से भी छात्र नेता और युवा संगठन पहुंचे हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि उज्जवल की मौत कॉलेज प्रबंधन की प्रताड़ना का नतीजा है। फीस जमा न कर पाने पर परीक्षा फॉर्म न भरने देना और बार-बार अपमानित करना ही उसे आत्मदाह के लिए मजबूर कर गया। छात्रों ने कॉलेज प्रिंसिपल और दोषी कर्मचारियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और निजी कॉलेजों की फीस नीति की जांच की मांग की है।
धरना स्थल पर स्थानीय भाजपा नेता, रालोद कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और सामाजिक लोग भी पहुंच रहे हैं। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक उज्जवल को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कॉलेज गेट और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
