नोएडा, 30 दिसंबर । थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने मंगलवार काे बताया कि सोमवार की देर रात को अशोक शर्मा पुत्र रामचंद्र शर्मा निवासी ग्राम बरौला साइकिल पर सवार होकर निठारी गांव के पास से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से कर चलते हुए ने टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को संदीप पुत्र आनंद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 29 दिसंबर को दादरी बाईपास के पास से गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दिया। वाहन चालक टक्कर मारने के बाद वहां से भाग गया। संदीप के अनुसार घायल व्यक्ति को उन्होंने अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि संदीप की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
