tripura-scindia-tourism-matabari-tourism-circuit-d

नई दिल्ली, 25 जनवरी । केंद्रीय विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी तीन दिवसीय त्रिपुरा यात्रा के अंतिम दिन डुंबुर झील क्षेत्र में 450 करोड़ की लागत से बनने वाले ‘मताबाड़ी पर्यटन परिपथ’ की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री माणिक साहा वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे, वहीं त्रिपुरा के पर्यटन मंत्री सुषांत चौधरी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।

केंद्रीय पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय के अनुसार, परियोजना में फ्लोटिंग जेटी, पर्यावरण-अनुकूल रिसॉर्ट, आधुनिक पर्यटन सुविधाएं और स्थानीय संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां शामिल होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल पत्थर रखने का कार्य नहीं, बल्कि भविष्य की आजीविकाओं की नींव है। इस सर्किट से 4,000–5,000 रोजगार सृजित होंगे, जिनमें 30 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम में कहा कि यह परियोजना त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, चाबिमुरा और डुंबुर झील को एकीकृत कर राज्य को वैश्विक आध्यात्मिक और इको-टूरिज्म मानचित्र पर स्थापित करेगी। कुल लागत में से 276 करोड़ रुपये उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा दिए जाएंगे।

सिंधिया ने डुंबुर झील की प्राकृतिक सुंदरता और त्रिपुरा की आतिथ्य परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की सरलता और गर्मजोशी इसे वैश्विक पर्यटन गंतव्य बनाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विकसित उत्तर-पूर्व’ और ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ की दृष्टि को साकार करने में त्रिपुरा की भूमिका पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में पर्यटन, अगरवुड, बांस और आधारभूत ढांचे के जरिए त्रिपुरा आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने ‘ग्रीन गोल्ड’ नामक पहल के तहत उत्तर-पूर्व में इंजीनियर्ड बांस को बढ़ावा देने के लिए 22 परियोजनाओं को मंजूरी देने की जानकारी दी। यह पहल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ पर्यावरणीय स्थिरता भी सुनिश्चित करेगी।

तीन दिवसीय दौरे के दौरान सिंधिया ने कुल 750 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा की। पहले दिन 220 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया, जिनमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सोलर माइक्रो-ग्रिड शामिल हैं। दूसरे दिन 80 करोड़ की अगरवुड वैल्यू चेन परियोजना शुरू की गई, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधा जुड़ाव होगा।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights