मुज़फ्फरनगर | तितावी थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम अमीरनगर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान हुए मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के एक शातिर अपराधी को पकड़ लिया। पकड़ा गया आरोपित इरशाद उर्फ ददा करीब 10 हजार रुपये का इनामी और डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित अपराधी है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी अलीशेर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।अमीरनगर पुलिया पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान दो युवक बाइक से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों रजवाहा पटरी की ओर बाइक मोड़कर भागने लगे। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी गन्ने के खेतों में घुस गए।पुलिस टीम ने घेराबंदी की और चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में इरशाद घायल होकर गिर पड़ा और पकड़ा गया, जबकि उसका साथी फरार है। उसकी तलाश में कॉम्बिंग जारी है।पकड़ा गया इरशाद गाजियाबाद का रहने वाला है और मुजफ्फरनगर तथा आसपास के कई जिलों में ट्यूबवेलों से ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी करने में लिप्त रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद के कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की धाराएँ, गैंगस्टर एक्ट, डकैती और फायरिंग के मामले शामिल हैं।हाल ही में तितावी पुलिस ने इसी गिरोह के छह सदस्यों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, जिनमें से इरशाद और उसका साथी अलीशेर फरार हो गए थे। पूछताछ में इरशाद ने स्वीकार किया कि वह फिर चोरी की वारदात के लिए इलाके में रैकी करने आया था।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पवन कुमार, उपनिरीक्षक रोहित चौधरी, उपनिरीक्षक कामिल चौधरी, हेड कांस्टेबल अनीश खान, कांस्टेबल नवीन कुमार और कांस्टेबल सचिन तेवतिया शामिल रहे।
