मुजफ्फरनगर | जन्मदिन के मौके पर सायरन बजाकर हुडदंग मचाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। थाना फुगाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक कार और दो मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है।पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें कुछ युवक गांव लोई में सायरन और हूटर बजाते हुए जुलूस निकालते और हुडदंग मचाते नजर आ रहे थे। वीडियो की जांच में पता चला कि यह वीडियो गांव लोई निवासी सारिक के जन्मदिन का है, जिसे उसके साथियों ने शो-ऑफ के लिए सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना रुपाली राय और थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में फुगाना पुलिस टीम व एंटी रोमियो स्क्वॉड ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन युवकों मौनीस पुत्र नसीम, बिलाल पुत्र इलयास और सारिक पुत्र इनाम, तीनों निवासी ग्राम लोई को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य युवकों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं, जब्त की गई गाड़ी और मोटरसाइकिलों को नियमानुसार सीज कर लिया गया है। पुलिस ने युवाओं को चेतावनी दी है कि इस तरह की हरकतें कानून व्यवस्था के खिलाफ हैं और इस पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
