सरोवरनगरी में पूरे दिन तेज बारिश-ओलावृष्टि

नैनीताल, 3 जून (हि.स.)। जनपद एवं मंडल मुख्यालय में मंगलवार को पूरे दिन तेज बारिश हुई। इस दौरान कई बार बादलों की गरज व चमक के साथ काफी ओलावृष्टि भी हुई। इससे जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश मानसून से पूर्व मानसून के आगमन का संदेश देती हुई भी लगी।

झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश गैड़ा के अनुसार नगर में आज दिन भर में 10 मिमी से अधिक बारिश होने का अनुमान है, जबकि इस वर्ष जनवरी माह से अब तक 255 मिमी हुई है, जो कि सामान्य के बराबर है। इन स्थितियों में नैनी झील का जल स्तर मंगलवार सुबह निर्धारित पैमाने पर एक फिट डेढ़ इंच के स्तर पर था, जिसके अब बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। बारिश से प्रकृति एवं कृषि व बागवानी को लाभ मिलने की भी उम्मीद जतायी जा रही है, जबकि बागवान ओलावृष्टि से नुकसान के प्रति भी आशंकित हैं।

बारिश से बचने के लिए बड़ा छाता बना आकर्षण का केंद्र

नैनीताल। प्रशासन के द्वारा नगर के तल्लीताल में एक बड़ा छाता स्थापित किया जा रहा है, जोकि सैलानियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहा है। बताया गया है कि पूर्व से अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर सैलानियों के बारिश से बचते हुए नैनी झील का आनंद लेने के लिये यह छात्रा तल्लीताल गांधी चौक के पास स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में नगर में कई स्थानों पर बैंड स्टेंड की तरह ‘समर हाउस’ बने हुए थे। जो कि बारिश से बचने के लिये नगर में कभी भी अचानक आने वाली बारिश से बचने के लिये प्रयोग किये जाते थे, लेकिन वर्तमान में अब इनमें से अधिकांश समाप्त हो चुके हैं। ऐसे में प्रशासन की यह पहल तल्लीताल में सैलानियों के द्वारा पसंद की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights