जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा बैठक में नगर के भीतर दो पहिया वाहनों के संचालन से उत्पन्न हो रही अव्यवस्थाओं पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में नगर पालिका के सभासदों, व्यापार मंडल, पुलिस एवं आम जनों की शिकायत पर तय किया गया कि नगर के ठंडी सड़क, सनवाल स्कूल से चार्टन लॉज, मस्जिद से अयारपाटा, डीएसबी परिसर से एनसीसी कार्यालय तथा एटीआई से पॉलिटेक्निक जाने वाले संकरे व खतरनाक मार्गों पर बाइकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
साथ ही सीआरएसटी से जिला पंचायत तक शाम छह से आठ बजे तक माल रोड के बंद होने पर होने वाले दोपहिया वाहनों का संचालन रोकने का निर्णय लिया गया है। इस मार्ग पर गेट स्थापित कर नगर पालिका नियत समय पर उसे बंद करेगी। एडीएम विवेक रॉय ने बताया कि शीघ्र ही इन सभी चिन्हित मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर उन पर जरूरत के अनुसार दोपहिया वाहनों को रोकने के लिये सीढ़ियां, रोटेटर या लोहे के रॉड आदि लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
गूगल को गलत मार्गों को रोकने के लिये पत्र भेजा जाएगा
नैनीताल। नगर के कई मार्गो, उदाहरण के लिये स्टेट बैंक से चार्टन लॉज, मोहन को से बड़े डाकघर व बलरामपुर होटल से शेरवानी लॉज की ओर जाने वाले संकरे व खतरनाक चढ़ाई मार्गों को गूगल स्नोव्यू या पंगोट, हिमालय दर्शन, नैना पीक जाने का मार्ग बता देता है। एडीएम ने बताया कि इसे रोकने के लिये गूगल को पत्र भेजा जाएगा।
