महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जेल में बंद एक 50 वर्षीय विचाराधीन कैदी (Under-trial Prisoner) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस प्रशासन के मुताबिक कैदी को सीने में तेज दर्द उठा था और चक्कर आने के बाद वह अपनी कोठरी में ही अचेत होकर गिर पड़ा।
इस मौके पर खडकपाडा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान अजय आनंदजी कल्हन उर्फ हेलम रवींद्र कपाड़िया (50) के रूप में हुई है और वह कल्याण स्थित आधारवाडी केंद्रीय कारागार में बंद था। अधिकारी ने यह नहीं बताया कि कैदी किन आरोपों के कारण जेल में था।
अधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात जेल सिपाही से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि शुक्रवार शाम सात बजकर 40 मिनट पर कैदी ने सीने में तेज दर्द होने और चक्कर आने की शिकायत की जिसके बाद वह अपनी कोठरी में अचानक गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि जेल कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है ताकि मौत के सटीक कारण का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि खडकपाडा पुलिस ने फिलहाल एक आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की है और कैदी की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
