खतौली | संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर खतौली तहसील में अधिकारियों ने जन समस्याओं को सुना और कुछ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी किया।
सोमवार को तहसील प्रांगण में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीम राजकुमार एवं सीओ राम आशीष यादव के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान लोगों ने विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 5 का निस्तारण मौके पर ही कराया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खतौली राजकुमार ने सभी विभागीय कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समस्याओं का समय पर निस्तारण होना चाहिए, अन्यथा संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सीओ खतौली राम आशीष यादव ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित सभी शिकायतों का समय पर समाधान करना हमारी प्राथमिकता है। यदि किसी समस्या का निस्तारण नहीं होता है तो जनता को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में बात रखने का अधिकार है। पुलिस विभाग हमेशा तत्परता से काम करेगा।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर एसडीएम राजकुमार, सीओ राम आशीष यादव, तहसीलदार अरविंद कुमार, थाना प्रभारी दिनेश बघेल,पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी, पीडब्ल्यूडी विभाग के सुशील कुमार सहित सभी विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
