शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। चौबीस घंटे पहले जबरदस्त गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती घंटे में बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद बिकवाली का दबाव बनने लगा, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट नजर आने लगी। इस गिरावट के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक करीब 1 प्रतिशत की मजबूती दिखा रहे थे। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.99 प्रतिशत और निफ्टी 1.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, टाइटन कंपनी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व और अडाणी पोर्ट्स के शेयर 4.79 प्रतिशत से लेकर 1.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर ट्रेंट लिमिटेड, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और नेस्ले के शेयर 0.96 प्रतिशत से लेकर 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,384 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,038 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 346 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 2 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर हरे निशान में और 3 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 875.83 अंक उछल कर 74,013.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 400 अंक से ज्यादा उछल कर 74,421.65 अंक तक पहुंच गया। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 727.50 अंक की बढ़त के साथ 73,865.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 285.15 अंक की तेजी के साथ 22,446.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 130 अंक से अधिक उछल कर 22,577.55 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी कमजोरी नजर आने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 228.70 अंक की मजबूती के साथ 22,390.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 2,226.79 अंक यानी 2.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,137.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 742.85 अंक यानी 3.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,161.60 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights