stock-market-early-trade

नई दिल्ली, 07 जनवरी । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, लेकिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लगातार लाल निशान में ही बने रहे। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाइटन कंपनी, अपोलो हॉस्पिटल, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 4.06 प्रतिशत से लेकर 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, सिप्ला, टीएमपीवी, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और ओएनजीसी के शेयर 2.01 प्रतिशत से लेकर 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,577 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,365 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,212 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 18 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 442.94 अंक टूट कर 84,620.40 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से करीब 400 अंक की रिकवरी करके 85,039.48 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर ये सूचकांक 84,617.49 अंक तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 74.44 अंक की कमजोरी के साथ 84,988.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 35.60 अंक लुढ़क कर 26,143.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान होने लगी, जिससे इस सूचकांक की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी उछल कर 26,166.70 अंक तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर ये सूचकांक 26,096.65 अंक तक गिर भी गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 12.75 अंक की गिरावट के साथ 26,165.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 376.28 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 85,063.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 71.60 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,178.70 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights