मुजफ्फरनगर। सहकारी बैंक कर्मचारियों की आवाज़ बुलंद करने वाले सबसे बड़े संगठन कोऑपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश का राज्य स्तरीय अधिवेशन शनिवार को मुजफ्फरनगर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच प्रारंभ हुआ। महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से आए शीर्ष ट्रेड यूनियन नेता और प्रदेश के 30 से अधिक जिलों के प्रतिनिधि एकजुट हुए, जहां सहकारी बैंकों की समस्याओं और कर्मचारियों के हितों पर गंभीर मंथन शुरू हुआ।

अधिवेशन का शुभारंभ सभी अतिथियों के स्वागत, पटका, माला और शॉल पहनाने के बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और दिवंगत ट्रेड यूनियन नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित करके हुआ।मुख्य अतिथि ऑल इंडिया कोऑपरेटिव बैंक इम्प्लाइज फेडरेशन (AICBEF) के महासचिव श्री के.वी.एस. रवि (विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश) ने अपने संबोधन में सहकारी बैंकों की मौजूदा चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अधिवेशन से समस्याओं के समाधान की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों की भूमिका को बैंकिंग व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

जयपुर से आए एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह आमेरा ने जोशीले अंदाज में कहा कि आज नीति-निर्माता और बैंक प्रबंधन कर्मचारियों पर दबाव बनाने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं, जबकि बैंकिंग व्यवस्था की मजबूती और सुधार पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने सरकार के श्रम सुधारों को कर्मचारी हितों के विपरीत बताया।इंदौर से आए एआईसीबीईएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जी.आर. निमगांवकर, लखनऊ से यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एस.के. संगतानी और कानपुर से उपमहामंत्री रजनीश गुप्ता ने भी सभा को संबोधित किया और संगठन की एकजुटता पर बल दिया।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक मुजफ्फरनगर के चेयरमैन ठा. रामनाथ सिंह ने देश और प्रदेश से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया और मुजफ्फरनगर की ऐतिहासिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख किया। जिला सहकारी बैंक के सीईओ राजेश कुमार ने बैंक की प्रगति में कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।कार्यक्रम में फतेहपुर से प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र स्वरूप और लखनऊ से महासचिव विजय कुमार सक्सेना भी शामिल रहे। बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर पर AICBEF और प्रदेश स्तर पर कोऑपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन दशकों से सहकारी बैंकिंग और कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।अधिवेशन रविवार को भी जारी रहेगा। अंतिम सत्र में आगामी तीन वर्षों के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव किया जाएगा। अधिवेशन की व्यवस्थाओं का नेतृत्व यूनिट मंत्री अशोक कुमार शर्मा ने किया, जिसकी सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों ने सराहना की। मंच संचालन यशवीर सिंह ने किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights