मुजफ्फरनगर। विश्व मानक दिवस के अवसर पर बुधवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा के सभागार में भारतीय मानक ब्यूरो देहरादून शाखा की ओर से मानक महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जीवन के हर क्षेत्र में मानकों को अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, आईआईए के नेशनल सेक्रेटरी कुशपुरी, कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया, डॉ. राजीव कुमार और बीआईएस रिसोर्स पर्सन डॉ. अनन्या राणा द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।अपने संबोधन में डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि मानक किसी भी समाज की प्रगति की रीढ़ हैं।

बीआईएस जैसी संस्थाएं देश में गुणवत्ता और सुरक्षा की भावना को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को यह संकल्प दिलाया कि वे गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के प्रयोग और प्रचार के प्रति सजग रहेंगे।कार्यक्रम में डॉ. अनन्या राणा ने बताया कि किस तरह बीआईएस उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सोने के आभूषणों पर हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर, या एलपीजी सिलेंडर पर ईएसई मार्क यह सब उपभोक्ता के विश्वास की गारंटी हैं।

धर्मवीर बालियान ने कहा कि आज के समय में मिलावट और नकली उत्पाद समाज के लिए बड़ी चुनौती हैं। मानकीकरण ही वह माध्यम है जिससे उपभोक्ता को असली और गुणवत्तापूर्ण वस्तु मिल सकती है।कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गणेश वंदना, नृत्य, गीत, और भांगड़ा ने उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए।मंच संचालन आदित्य दहिया और शुभम कुमार ने किया।

कार्यक्रम के आयोजन में रूपेश कुमार, दीपक योगी, सागर धीमान, रजनी शर्मा, नितिन बालियान और जितेंद्र कुमार की भूमिका सराहनीय रही।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज कम्हेड़ा के प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
