श्रीलंकाई पुलिस देखती रह गई, भाड़े के हत्यारे ने कोर्ट में अंडरवर्ल्ड सरगना को मार दी गोली

कोलंबो, 20 फरवरी (हि.स.)। श्रीलंका की राजधानी के हल्फ्सडॉर्प अदालत परिसर के कोर्ट नंबर 5 के अंदर पुलिस के कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच अंडरवर्ल्ड सरगना गनेमुल्ले संजीवा की हत्या से गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस प्रवक्ता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुद्धिका मनातुंगा ने माना कि हत्यारों ने इस तथ्य का फायदा उठाया कि पुलिस वकीलों की जांच नहीं करती। मनातुंगा ने स्वीकार किया कि सुरक्षा व्यवस्था में खामियां रहीं। उन्हें ठीक करने के लिए भविष्य में कदम उठाए जाएंगे।

द आइसलैंड न्यूज पेपर के अनुसार, दोनों हत्यारे वकील के वेश में पहुंचे। इनमें एक महिला है। इस महिला ने हथियार पहुंचाने में मदद की। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि आरोपित बंदूकधारी कुख्यात सुपारी किलर है। गोलीबारी के बाद हत्यारे ने भागने से पहले हथियार को अदालत कक्ष के अंदर फेंक दिया। पुलिस को संदेह है कि यह हत्याकांड दुबई से संचालित प्रतिद्वंद्वी अंडरवर्ल्ड गिरोह ने करवाया।

पुलिस प्रवक्ता बुद्धिका मनातुंगा के अनुसार, गनेमुल्ला संजीवा उर्फ संजीव कुमार समररत्ने को 19 फरवरी की सुबह लगभग 9:50 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच बूसा जेल से अदालत परिसर लाया गया। सशस्त्र एसटीएफ अधिकारियों को अदालत कक्ष के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी, इसलिए वे बाहर प्रवेश द्वार के पास ही रुके रहे। कोर्ट कक्ष में अंडरवर्ल्ड सरगना संजीव को पुलिस की निगरानी में बैठाया गया। जांच में साफ हुआ है कि हत्यारा उसके पहुंचने से पहले ही अदालत कक्ष में दाखिल हो चुका था। वहां उसकी महिला साथी पहले से मौजूद थी। जैसे ही संजीव को कटघरे पर पहुंचाया गया, हत्यारे ने उसपर पिस्तौल से दनादन पांच फायर झोंक दिए। अदालत कक्ष में गोली चलते ही अफरातफरी मच गई। इस दौरान हत्यारा अपनी महिला साथी के साथ भाग गया। संजीव को तुरंत कोलंबो नेशनल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ देर बाद उसे दम तोड़ दिया।

कोलंबो क्राइम डिवीजन ने पेलियागोडा और नुगेगोडा आपराधिक जांच डिवीजन के सहयोग से इस हत्याकांड की जांच शुरू की है। पुलिस रिकॉर्ड में गनेमुल्ले संजीवा पर हत्या के करीब 60 केस दर्ज हैं। वह अंडरवर्ल्ड गतिविधि में शामिल होने के अलावा, मादक पदार्थों की तस्करी, जबरन वसूली और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल रहा है। उसे दो साल पहले 2023 में जाली पासपोर्ट के साथ भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। वह भारत से निर्वासित होने पर श्रीलंका पहुंचा था।

जांच अधिकारी पश्चिमी प्रांत के वरिष्ठ उप महानिरीक्षक संजीव धर्मरत्ने के अनुसार, गनेमुल्ले संजीवा की हत्या के लिए जिम्मेदार बंदूकधारी को पुट्टलम के पल्लविया में पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान श्रीलंका सेना के पूर्व कमांडो मोहम्मद अस्मान के रूप में हुई है।

————–

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights