sports-shooting-sli-jiturai

नई दिल्ली, 16 जनवरी । भारतीय शूटिंग के दिग्गज और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित जीतू राय का मानना है कि आगामी शूटिंग लीग ऑफ इंडिया (एसएलआई) देश में शूटिंग खेल की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी। उनका कहना है कि यह लीग न केवल खेल की पहुंच को व्यापक बनाएगी बल्कि भारतीय निशानेबाजों के प्रतिस्पर्धात्मक स्तर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

शुक्रवार को एसएलआई की फ्रेंचाइजी यूपी प्रोमेथियंस के लॉन्च के मौके पर जीतू राय ने कहा कि यह लीग शूटिंग को आम दर्शकों से जोड़ने का एक मजबूत माध्यम बनेगी।

उन्होंने कहा, “यह भारत में शूटिंग का एक नया चेहरा है। यह ऐसा मंच है, जहां दुनिया भर के लोग शूटिंग को देख सकेंगे। भले ही किसी को इस खेल की ज्यादा जानकारी न हो, फिर भी वह इसे देखकर समझ सकता है और अपने भीतर छुपी रुचि व प्रतिभा को पहचान सकता है।”

जीतू राय भारत के सबसे सफल पिस्टल निशानेबाजों में से एक रहे हैं। पूर्व विश्व नंबर-1 राय ने आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में कई स्वर्ण पदक जीते और वह पहले भारतीय पिस्टल शूटर बने, जिन्होंने ओलंपिक खेलों के फाइनल में जगह बनाई। रियो ओलंपिक 2016 में उन्होंने चौथा स्थान हासिल किया था।

उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी आधारित लीग जैसे एसएलआई शूटिंग को ज्यादा पारदर्शी और दर्शकों के लिए सुलभ बनाएगी।

उन्होंने कहा, “देश के बाहर लोग शूटिंग को थोड़ा बहुत जानते हैं, लेकिन भारत में अब भी कई लोग नहीं समझते कि यह खेल कैसे खेला जाता है, एक शॉट कैसे लगाया जाता है और इसके पीछे किस तरह की तकनीक और सुविधाएं होती हैं। एसएलआई जैसी लीग के जरिए लोग यह सब नजदीक से देख पाएंगे।”

जीतू राय का मानना है कि यह लीग भविष्य के चैंपियनों के लिए लॉन्चपैड साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा, “प्रेरणादायक खिलाड़ी और ज्यादा प्रेरित होंगे। दुनिया भर से प्रतिभाएं आएंगी और भारतीय शूटर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि शूटिंग लीग ऑफ इंडिया से विश्व स्तरीय चैंपियन निकलकर सामने आएंगे।”

नोएडा में यूपी प्रोमेथियंस के लॉन्च के दौरान राय ने फ्रेंचाइजी की अत्याधुनिक शूटिंग रेंज और मल्टी-स्पोर्ट सुविधाओं की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर एसएलआई के विजन के अनुरूप है और भारत में शूटिंग के लिए एक मजबूत और आधुनिक इकोसिस्टम तैयार करता है।

उन्होंने कहा, “यहां की शूटिंग रेंज उच्चतम स्तर की है। जब मैंने स्कूल और वहां की सुविधाएं देखीं, खासकर शूटिंग रेंज के साथ बैडमिंटन और स्विमिंग जैसी अन्य खेल सुविधाएं, तो साफ हो गया कि यहां एक मजबूत खेल ढांचा तैयार किया गया है। एसएलआई जैसी लीग के लिए भारत को ऐसे ही माहौल की जरूरत है।”

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights