नई दिल्ली, 12 मार्च । यहां चल रहे विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2026 के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और कई स्पर्धाओं में पोडियम पर पूरी तरह कब्जा जमाया।
दिन का मुख्य आकर्षण पुरुष भाला फेंक एफ-43/एफ-44/एफ-64 स्पर्धा रही, जहां पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने 69.25 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में पुष्पेंद्र सिंह ने 56.91 मीटर के साथ रजत और पूनम राम ने 49.48 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
जीत के बाद सुमित अंतिल ने कहा कि इस वर्ष कई प्रतियोगिताएं होने वाली हैं और वह उनमें अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए ऑफ-सीजन प्रशिक्षण का दौर है और उन्हें इतनी लंबी दूरी के थ्रो की उम्मीद नहीं थी। उनका लक्ष्य एशियाई खेलों में 75 मीटर का थ्रो करना है और इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं।
पुरुष 400 मीटर दौड़ टी-13 स्पर्धा में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। सुबोध भट्ट ने 51.88 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रियांशु कौशिक ने 53.19 सेकंड के साथ रजत और अवनील कुमार ने 56.91 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष 400 मीटर दौड़ टी-46/टी-47 में भाविककुमार दिन भरवाड़ ने 49.89 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जसबीर ने 50.09 सेकंड में रजत पदक हासिल किया। सर्बिया के इवान स्वेतकोविक को कांस्य पदक मिला।
व्हीलचेयर वर्ग की पुरुष 400 मीटर दौड़ टी-53/टी-54 में भी भारत ने पोडियम पर पूरी तरह कब्जा जमाया। मनोजकुमार सबापति ने 54.33 सेकंड में स्वर्ण, अनिल कुमार ने 57.57 सेकंड में रजत और मणिकंदन जोथि ने 1:01.94 के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
महिला 400 मीटर दौड़ टी-11/टी-12 में तेजलबेन अमराजी दामोर ने 57.53 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ललिता किल्लाका ने 1:07.92 में रजत और शालिनी चौधरी ने 1:16.79 के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
फील्ड स्पर्धाओं में महिला शॉट पुट एफ-36/एफ-37/एफ-40 में लक्ष्मी ने 7.76 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। अकुताई सीताराम उलभगत ने 5.49 मीटर के साथ रजत और भूटान की चिमी डेमा ने 5.27 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष लंबी कूद टी-42/टी-63 में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर कब्जा जमाया। शैलेश कुमार ने 5.47 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि रामसिंहभाई गोविंदभाई पधियार ने 4.68 मीटर के साथ रजत और सोलैराज जगन्नाथन ने 3.23 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष शॉट पुट एफ-46 में रोहित कुमार ने 14.35 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। देवेंद्र सिंह गुर्जर ने 13.97 मीटर के साथ रजत और लोकेश अकुला ने 10.92 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुष डिस्कस थ्रो एफ-51/एफ-55 में साहिल सलीम सैयद ने 36.83 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। सुखचैन ने 30.49 मीटर के साथ रजत और सुधीर ने 28.78 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष भाला फेंक एफ-12/एफ-13 में मनजीत ने 57.86 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। प्रतीक अमृतराव पाटिल ने 50.43 मीटर के साथ रजत और इरफान दीवान ने 45.39 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष भाला फेंक एफ-40/एफ-41 में सुनील कुमार ने 32.58 मीटर के साथ स्वर्ण, प्रिंस कुमार ने 31.23 मीटर के साथ रजत और काथिर धनसेकरन ने 18.73 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
अन्य मुकाबलों में पुरुष 400 मीटर दौड़ टी-12 में मोहित पाल ने 54.39 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि लकी यादव ने 1:04.27 के साथ रजत पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पुरुष 400 मीटर दौड़ टी-20 में रूस के खिलाड़ियों ने तीनों पदक जीते, जिसमें सर्गेई माकारोव ने 49.20 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं महिला 400 मीटर दौड़ टी-20 में रूस की नतालिया सैंचिना ने 1:00.52 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
कुल मिलाकर कई स्पर्धाओं में पोडियम पर कब्जा जमाते हुए भारतीय पैरा एथलीटों ने नई दिल्ली ग्रां प्री में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी का शानदार प्रदर्शन किया।
