sports-football-molina-honduras-coach

मोहन बागान सुपर जायंट के पूर्व कोच जोसे फ्रांसिस्को मोलिना को होंडुरास पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की घोषणा शुक्रवार को फुटबॉल फेडरेशन ऑफ होंडुरास ने की।

फुटबॉल फेडरेशन ने अपने बयान में कहा कि चयन समिति और खेल निदेशक फ्रांसिस हर्नांडेज़ की अगुवाई में विस्तृत विश्लेषण प्रक्रिया के बाद मोलिना को नई खेल परियोजना का नेतृत्व करने के लिए चुना गया।

मोलिना, जो पूर्व में एटलेटिको मैड्रिड के गोलकीपर रह चुके हैं, करीब चार महीने के अंतराल के बाद कोचिंग में लौटे हैं। उनके मार्गदर्शन में मोहन बागान सुपर जायंट ने पिछले सीजन में इंडियन सुपर लीग कप और शील्ड दोनों खिताब पहली बार जीते थे।

हालांकि, नवंबर में एआईएफएफ सुपर कप के ग्रुप चरण से बाहर होने और चिर-प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद क्लब ने उन्हें पद से हटा दिया था।

होंडुरास टीम में मोलिना ने रीनाल्डो रुएडा की जगह ली है, जिन्हें टीम के फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाने के बाद बर्खास्त कर दिया गया था।

फीफा रैंकिंग में 65वें स्थान पर काबिज होंडुरास क्वालीफायर में कोस्टा रिका के साथ ड्रॉ खेला था और सीधे या इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ स्थान हासिल करने में असफल रहा था।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights