sports-cricket-t20wc-indvspak

कोलंबो/लाहौर, 09 फ़रवरी । टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को प्रस्तावित ग्रुप मुकाबले के आयोजन को लेकर उम्मीद की किरण दिखाई देने लगी है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के बीच चल रही बातचीत के सकारात्मक परिणाम निकलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो में आयोजित हो सकता है।

पिछले एक पखवाड़े से आईसीसी और पीसीबी के बीच लगातार चर्चा जारी है। दरअसल, पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने कुछ समय पहले टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी।

रविवार को आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख़्वाजा लाहौर पहुंचे, जहां उन्होंने पीसीबी अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम की मौजूदगी भी अहम मानी जा रही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया फैसला है।

गौरतलब है कि बांग्लादेश को सुरक्षा कारणों से भारत में मैच खेलने से इनकार करने के बाद टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उनके मुकाबले सह-मेज़बान श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग को स्वीकार नहीं किया गया। आईसीसी बोर्ड की बैठक में बांग्लादेश को हटाने के फैसले के खिलाफ केवल पीसीबी और बीसीबी ने मतदान किया था।

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने इस फैसले को “दोहरा मापदंड” बताते हुए कहा था कि बांग्लादेश के साथ “अन्याय” हुआ है।

ईएसपीएन क्रिक इंफो के मुताबिक, पीसीबी ने भारत मैच के बहिष्कार से जुड़े किसी भी समाधान को बांग्लादेश को राहत दिए जाने से जोड़ दिया है। इन मांगों में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर किसी तरह का प्रतिबंध या जुर्माना न लगाया जाना, टूर्नामेंट से मिलने वाला राजस्व सुरक्षित रखना और भारत के साथ 2031 पुरुष वनडे विश्व कप की सह-मेज़बानी की स्थिति बरकरार रखना शामिल है।

इसके अलावा, पीसीबी ने आईसीसी के मौजूदा राजस्व वितरण मॉडल पर भी चर्चा की मांग रखी है। यह मॉडल 2024 से लागू है और 2027 तक प्रभावी रहेगा। माना जा रहा है कि इन मुद्दों पर सहमति बनते दिखने के कारण ही भारत–पाकिस्तान मुकाबले के आयोजन को लेकर आशावाद बढ़ा है।

हालांकि अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और बातचीत जारी रहने की संभावना है।

दोनों टीमें अपने-अपने पहले ग्रुप मुकाबले जीत चुकी हैं। पाकिस्तान अपना अगला मैच मंगलवार को अमेरिका के खिलाफ खेलेगा, जबकि भारत गुरुवार को नामीबिया से भिड़ेगा।

इस बीच, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली और खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की परंपरा को फिर से शुरू करने जैसी शर्तों की खबरों को पीसीबी ने सिरे से खारिज कर दिया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights