मुजफ्फरनगर | मंगलवार मुजफ्फरनगर पहुंचे प्रसिद्ध धर्मगुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल देश में अराजकता फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। कृष्णम भाजपा नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है, कानून-व्यवस्था चरमरा जाती है और असामाजिक ताकतें सक्रिय हो जाती हैं। उन्होंने सपा को अराजक तत्वों की शरणस्थली बताते हुए कहा कि पार्टी का झुकाव उन लोगों की ओर रहता है, जो समाज में विभाजन और तनाव फैलाते हैं।

उन्होंने कहा कि सपा हमेशा हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत का माहौल बनाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश करती है।कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आचार्य कृष्णम ने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत नफरत में इतने अंधे हो चुके हैं कि देश की स्थिरता को खतरे में डालने से भी नहीं हिचकिचा रहे। उन्होंने कहा कि ये नेता भारत को नेपाल या बांग्लादेश जैसी स्थिति में ले जाना चाहते हैं, ताकि सत्ता का रास्ता आसान हो सके।‘आई लव मोहम्मद’ जैसे प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मोहब्बत का इज़हार सड़कों पर नारे लगाकर नहीं, बल्कि दिल से किया जाता है।

उन्होंने कहा, जहां सच्ची मोहब्बत होती है, वहां प्रदर्शन की ज़रूरत नहीं होती, और जहां प्रदर्शन हो, वहां सच्ची मोहब्बत नहीं होती। उनका कहना था कि यह प्रदर्शन प्रेम का नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को चुनौती देने जैसा है।यति नरसिंहानंद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की भूमि सभी धर्मों की जननी है, और यहां जन्म लेने वाला हर व्यक्ति हिंदू संस्कृति से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कोई अधिक या कम बच्चे पैदा करे, इससे उसकी भारतीयता पर कोई असर नहीं पड़ता।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights