social-vhp-pc-alok-kumar

हरिद्वार, 5 फ़रवरी । विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने हिंदू धार्मिक स्थलों में गैरहिंदू के प्रवेश निषेध का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि धार्मिेक स्थल पर्यटन या भ्रमण के स्थल नहीं है। उन्हाेंने नवरात्र में हाेने वाले गरबा जैसे आयोजनों में भी गैर हिंदू के प्रवेश को अमान्य किया है।

हरिद्वार प्रवास पर आए विहिप अध्यक्ष आलाेक कुमार यहां गुरुवार काे प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

आलोक कुमार ने कहा कि हिन्दू समाज के धार्मिक पूजा स्थलों एवं श्रद्धा केंद्रों की अपनी प्राचीन परंपराएं, मर्यादाएं एवं धार्मिक व्यवस्था होती हैं। मंदिर पर्यटन या भ्रमण के स्थल नहीं हैं, वहां भगवान की प्रतिष्ठा होती है और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के उद्देश्य से वहां आते हैं। जिनका धर्म मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखता और मूर्ति को तोड़ने का आदेश देता हो अथवा जो मानते हो उन्हीं का भगवान, उन्हीं की पुस्तक से उन्हें मोक्ष मिलेगा, ऐसे संदर्भों में धार्मिक संस्थाएं अपनी परंपरागत व्यवस्था लागू कर सकती हैं।

सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने कहा कि नवरात्र के दौरान आयोजित गरबा केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, अपितु माता अंबा की आराधना से जुड़ी धार्मिक परंपरा है। पारंपरिक रूप से इसे नंगे पैर एवं दीपज्योति के साथ देवी की आराधना के रूप में किया जाता है। ऐसे आयोजनों की मूल धार्मिक भावना एवं परंपरा को सुरक्षित रखा जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में अन्य धर्मों के लोगों को आने का आग्रह करना ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि विश्व के विभिन्न धर्मों में भी उनके विशिष्ट धार्मिक स्थलों को लेकर विशेष परंपराएं हैं। इस्लाम धर्म में मक्का-मदीना के पवित्र स्थलों पर गैर मुस्लिम प्रवेश प्रतिबंधित है तथा विभिन्न ईसाई संप्रदायों एवं अन्य धार्मिक परंपराओं में भी धार्मिक स्थलों के संबंध में विशेष व्यवस्थाएं प्रचलित हैं। हम यह स्वीकार करते हैं, क्योंकि वह उनके विशिष्ट धर्मस्थान हैं, जहां वह श्रद्धा से पूजा करते हैं। विश्व हिन्दू परिषद का मानना है कि प्रत्येक धर्म अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने का अधिकार रखता है।

उत्तराखण्ड की जनसंख्या संरचना के विषय पर विश्व हिन्दू परिषद की चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ क्षेत्रों में डेमोग्राफी में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। विश्व हिन्दू परिषद मांग करती हैं कि यह अध्ययन किया जाए कि हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी विशेष समुदाय की बसावट किसी संगठित योजना के अंतर्गत तो नहीं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद का मानना हैं कि धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता को ध्यान में रखते हुए समाज एवं शासन को मिलकर संवैधानिक ढांचे के अंतर्गत कार्य करना चाहिए।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights