सुपर लीग ग्रुप बी के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 234 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में मुंबई की टीम ने 17.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाकर मैच में जीत हासिल कर ली।
मैच में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम को कप्तान अंकित कुमार और अर्श रंगा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। अर्श 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अंकित और निशांत सिंधु के बीच शतकीय साझेदारी हुई। अंकित 42 गेंदों पर 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए। सामंत जाखड़ 14 गेंदों में 31 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। निशांत सिंधु ने 38 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन और सुमित कुमार ने नाबाद 16 रन बनाए। हरियाणा ने तीन विकेट के नुकसान पर 20 ओवर में 234 रन का स्कोर बनाया।
