विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के कार्य में लगे लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार निवासी बीएलओ दिलीप सिंह अचानक लापता हो गए। सोमवार शाम को उनके मोबाइल से बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप में ‘गुडबाय’ संदेश आने के बाद मामला गंभीर हो गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर क्राइम ब्रांच समेत कई टीमों को उनकी तलाश में लगाया है।

कई बार फोन करने पर भी नहीं उठाया पत्नी का कॉल 
जानकारी के मुताबिक, दिलीप सिंह मूल रूप से लखीमपुर खीरी के परसिया गांव के रहने वाले हैं और बीकेटी के भौली-2 में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। वह जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-3 में किराए के मकान में पत्नी दीपिका सिंह, बेटियों अनन्या और आकृति तथा बेटे सार्थक के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह बीएलओ वीरेंद्र का फोन आने पर दिलीप सिंह करीब 11 बजे घर से पैदल निकले थे। उन्होंने पत्नी से नाश्ता तैयार करने को कहा था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पत्नी द्वारा कई बार फोन करने पर भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और कुछ देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। अन्य सहकर्मियों से संपर्क करने पर भी उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

एसडीएम बीकेटी पर दबाव बनाने का आरोप 
पुलिस जांच में उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन जुग्गौर क्षेत्र में पाई गई है। शाम 5:40 बजे बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप में दिलीप सिंह के मोबाइल से संदेश आया, जिसमें लिखा था कि वह एसआईआर का कार्य छोड़कर जा रहे हैं और नोटिस फॉर्म उनकी बाइक के झोले में रखे हैं, जो घर पर खड़ी है। उन्होंने संदेश के अंत में ‘गुडबाय’ भी लिखा। इसके कुछ मिनट बाद एक और संदेश आया, जिसमें एसडीएम बीकेटी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया। वहीं एसडीएम बीकेटी साहिल कुमार ने दबाव बनाने के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जिम्मेदार बीएलओ थे और उनके साथ किसी प्रकार का अनुचित दबाव नहीं बनाया गया। फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस मोबाइल लोकेशन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights