मुज़फ्फरनगर। जिले में भक्ति और आस्था का सबसे बड़ा पर्व कहे जाने वाले श्री श्याम वंदना महोत्सव का आयोजन इस वर्ष 38वीं बार होने जा रहा है। श्री श्याम परिवार सुखी परिवार समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव हमेशा की तरह इस बार भी धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समिति ने बताया कि इस आयोजन की शुरुआत 10 सितंबर 2025, बुधवार को विशाल शोभायात्रा से होगी।
शोभायात्रा का प्रारंभ माता वाला मंदिर (छारिया मंदिर), निकट स्वीट कॉर्नर बिंदल बाजार नई मंडी से किया जाएगा। यह यात्रा गौशाला रोड, नंदी स्वीट्स, पुरानी गुड़ मंडी रोड, जिंदल हलवाई, पीठ बाजार, बिंदल बाजार, मेहता क्लब, वकील रोड, चौड़ी गली, द्वारका पुरी रोड, गांधी कॉलोनी मेन रोड, लक्ष्मी नारायण मंदिर, गुरुद्वारे के पास, रॉयल बुलेटिन कार्यालय, गांधी कॉलोनी रेलवे पुल, मदन स्वीट चौराहा, अंसारी रोड, मोती महल, सराफा बाजार, भगत सिंह रोड और शिव चौक से होती हुई टाउन हॉल पर संपन्न होगी।इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होगा स्वर्ण रथ, जिस पर भव्य फूलों के श्रृंगार से सजे बाबा श्याम विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। यात्रा में धार्मिक माहौल को और भव्य बनाने के लिए तीन बैंड, दो डीजे, आठ झांकियां, ढोल और नासिक ढोल पार्टी विशेष रूप से सम्मिलित की गई हैं। शोभायात्रा के दौरान शहर के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों को सजाकर बाबा श्याम का स्वागत करें।शोभायात्रा के बाद 12 सितंबर 2025, शुक्रवार को रामलीला भवन, नई मंडी में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में बिहार समस्तीपुर से प्रसिद्ध भजन गायिका रेशमी शर्मा, दिल्ली से भजन गायक अनुराग मित्तल और साज के बेताज बादशाह नरेश पूनिया अपनी प्रस्तुति देंगे। यह भजन संध्या न केवल धार्मिक भावनाओं को प्रकट करेगी, बल्कि श्याम प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित होगी।भजन संध्या का सबसे बड़ा आकर्षण होगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, जो पहली बार मुज़फ्फरनगर में स्थापित किया जा रहा है। इसमें बाबा श्याम को विशेष श्रृंगार में सजाकर विराजमान किया जाएगा और भक्त उनके दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। समिति का कहना है कि इस दरबार के दर्शन मुज़फ्फरनगर के श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक क्षण होंगे।कार्यक्रम की तैयारियों में समिति के पदाधिकारी और सदस्य मनीष अग्रवाल, संदीप गर्ग, जय भगवान बंसल, अचिन सागर गर्ग, विदित गुप्ता, अचिन बंसल, राजीव गर्ग, अचिन जिंदल, विकास गोयल, नरेंद्र गर्ग, संजीव गर्ग, हर्षित अग्रवाल, प्रांशु बंसल, दीपांशु गर्ग, अनुराग गोयल, अवि गोयल, लोकेश बंसल, अमित सिंघल, राजेश कर्नवाल, गौरव गर्ग सहित अन्य एकादशी सदस्य पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।
