मुजफ्फरनगर। भगवान महर्षि वाल्मीकि के जन्मोत्सव के अवसर पर शिवसेना के पश्चिम उत्तर प्रदेश कार्यालय पर श्रद्धा और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिवसेना पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि संस्कृत में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि समस्त हिंदू समाज के आराध्य हैं। उन्होंने समाज को धर्म, मर्यादा और सत्य का मार्ग दिखाया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन संदेश हमें यह सिखाता है कि परिश्रम, साधना और सत्यनिष्ठा से हर मनुष्य महान बन सकता है। कार्यक्रम के उपरांत सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहारनपुर बस स्टैंड स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्वलित कर समाज में सद्भावना और समानता की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में महर्षि वाल्मीकि के जीवन आदर्शों पर चर्चा करते हुए समाज में शिक्षा, समानता और एकता के प्रसार का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिवसेना जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा, क्रांतिसेना जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, शिवसेना मुरादाबाद जिलाप्रमुख गुड्डू सैनी, क्रांतिसेना महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, संजय कुमार, सोनू पाहीवाल, उज्ज्वल पंडित, जंगी सौदाई, शैलेंद्र विश्वकर्मा, राजेंद्र प्रसाद, चेतन देव विश्वकर्मा, ललित रुहेला, मनोज चौधरी, शशि कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
