वासु धीमान
शामली | थाना भवन व बाबरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात भैसानी के जंगल में भट्टे के पास घेराबंदी कर 50 हजार के इनामी बदमाश समयदीन उर्फ़ सामा पुत्र मैहरदिन, निवासी मोहल्ला रायजादगान, कस्बा कांधला को मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में थाना भवन का एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समयदीन को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश भैसानी के जंगल में किसी बड़ी वारदात की योजना बनाते हुए आग सेक रहे हैं। इस पर थाना भवन और बाबरी पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान पाँच बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि इनामी बदमाश समयदीन पुलिस की गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया।मृतक समयदीन की जेब से कर्नाटक के तुमकुर जनपद, उरुकेरे जनता कॉलोनी का आधार कार्ड मिला है। पुलिस का कहना है कि वह हाल ही में कर्नाटक में रह रहा था और लगातार यूपी व कर्नाटक दोनों जगहों में फरार चल रहा था। पुलिस ने मौके से 9 एमएम की पिस्तौल, एक देसी तमंचा और कई जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।एसपी शामली एनपी सिंह ने बताया कि समयदीन पर 23 मुकदमे दर्ज थे और वह एक शातिर अपराधी था। उसने पूछताछ में बताया था कि करीब दो महीने पहले कांधला इलाके में हुए एक लाख के इनामी बदमाश के एनकाउंटर के दौरान वह उसका साथी था और वहाँ से फरार हो गया था। वह लगातार लूट, डकैती, नकबजनी और अवैध हथियारों की वारदातों में शामिल था और किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश में उसके संपूर्ण आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। इधर फरार पाँच अपराधियों की तलाश में पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में कॉम्बिंग चलाकर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संयुक्त कार्रवाई के चलते एक लंबे समय से फरार बड़ा अपराधी ढेर हो गया है और आगे की कार्रवाई तेजी से जारी है।
