समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता का दर्द आया बाहर, बंद सड़क का उठाया मुद्दा

लखनऊ, 26 मई(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डॉ.आशुतोष वर्मा ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर आईटी चौराहे से डालीगंज पुल तक सीवर कार्य हेतु बंद सड़क का मुद्दा उठाया। प्रवक्ता डॉ.आशुतोष ने कहा कि पिछले दो महीने से लखनऊ में बाबूगंज पुलिस चौकी से लेकर डालीगंज पुल तक लगभग एक किलोमीटर सड़क खुदी पड़ी है। ये काम एक अप्रैल 2025 से शुरू हुआ और इसकी डेडलाइन 30 जून 2025 है। लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन आधा भी काम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता ने दर्द बयां करते हुए कहा कि इस रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है। अयोध्या रोड से जुड़े होने के चलते पूर्वांचल के क़रीब 80 प्रतिशत मरीज इसी रोड से होकर लखनऊ मेडिकल कॉलेज जाते हैं। जिसमें ज्यादातर गंभीर मरीज होते हैं। साथ ही तमाम स्कूल और सार्वजनिक जगहों पर इसी रास्ते से होकर लोग जाते हैं। दर्जनों दुकानें पिछले 2 महीने से ठप पड़ी हुई हैं। पूरा कारोबार ही चौपट है। आख़िर जनसामान्य के साथ इतनी निरंकुशता क्यों, ये गंभीर समस्या है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता डॉ.आशुतोष वर्मा का क्लीनिक बाबूगंज पुलिस चौकी से मनकामेश्वर मंदिर मार्ग पर स्थित है। आईटी चौराहे से डालीगंज पुल तक सीवर कार्य के कारण छोटे वाहनों को भीतर के मार्गो पर आना जाना बढ़ गया है। इसके कारण बाबूगंज पुलिस चौकी से मनकामेश्वर मंदिर मार्ग पर भी रोजाना हजारों में वाहन दौड़ रहे हैं। जिससे क्लीनिक के बाहर खड़े वाहनों को कुछ मिनटों के बाद आगे पीछे कराना पड़ रहा है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights