मनीष अग्रवाल

सहारनपुर।राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अवसर पर सहारनपुर पुलिस ने जनमंच में साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अभिषेक सिंह ने वर्चुअल माध्यम से किया। कार्यक्रम में मण्डलायुक्त सहारनपुर, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी सहारनपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग, वरिष्ठ नागरिक और छात्र-छात्राओं की भी बड़ी संख्या मौजूद थी।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइबर विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन का सत्र था, जिसमें उन्होंने Stay Smart, Stay Safe online विषय पर लगभग 1000 प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. टंडन ने डिजिटल धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और मैसेज के माध्यम से वसूली, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्तियों से संपर्क के जोखिम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ChatGPT का दुरुपयोग, APK फाइल और मैलवेयर के माध्यम से सुरक्षा खतरे और Phishing तथा ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी, सजगता और समय पर रिपोर्टिंग सबसे प्रभावी हथियार हैं। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) और हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी, ताकि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सके।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध सबसे बड़ा खतरा बन चुका है और यह जागरूकता अभियान प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क, शिक्षित और आत्मविश्वासी बनाने का प्रयास है। जिलाधिकारी सहारनपुर ने भी कहा कि साइबर जागरूकता अब केवल छात्रों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों और आम जनता के लिए भी आवश्यक हो गई है। उन्होंने सभी से अपील की कि डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन संचार में हमेशा सतर्कता बरतें।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सत्र के दौरान विभिन्न प्रश्न पूछे और साइबर सुरक्षा के व्यवहारिक उपायों की जानकारी प्राप्त की। वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में मददगार हैं। कार्यक्रम का समापन पुलिस अधिकारियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, और सभी प्रतिभागियों ने इस अवसर को अत्यंत उपयोगी और जानकारीपूर्ण बताया।सहारनपुर पुलिस का यह पहल साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और यह अभियान जिले के लोगों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights