मनीष अग्रवाल
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 के तहत सहारनपुर में उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार एवं नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विधानसभा क्षेत्र 03-नगर सहारनपुर एवं विधानसभा क्षेत्र 04-सहारनपुर देहात के सभी सुपरवाइजरों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के लिए आयोजित किया गया।शिविर में अधिकारियों ने उपस्थित सुपरवाइजरों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि 4 नवंबर 2025 से बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण शुरू किया गया है, जो 4 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा।
सभी बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उन्हें भरवाने में सहायता करेंगे।अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक बीएलओ तीन बार मतदाताओं के घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य सुनिश्चित करे और बीएलओ ऐप पर जानकारी अद्यतन करता रहे। जिन बीएलओ द्वारा लापरवाही की जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।साथ ही सुपरवाइजरों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष पुनरीक्षण अभियान के कम से कम 10 प्रतिशत कार्यों का सत्यापन करें। वहीं, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी 10 प्रतिशत कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, 5 प्रतिशत फार्मों की सुपर चेकिंग रोल ऑब्जर्वर द्वारा की जाएगी।अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
03-सहारनपुर नगर क्षेत्र के सुपरवाइजर विजय पुण्डीर व पंकज कौशिक तथा 04-सहारनपुर देहात क्षेत्र के सुपरवाइजर रविपाल अनुपस्थित पाए गए, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार ने ग्राम दतौली संघड में जाकर स्वयं बूथों का निरीक्षण किया और बीएलओ के कार्यों का सत्यापन भी किया।
