मनीष अग्रवाल
सहारनपुर | पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज,अभिषेक सिंह, सहारनपुर द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के अन्तर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी सहारनपुर के कुशल निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर प्रिया यादव तथा गागलहेड़ी थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा द्वारा थाना क्षेत्र मे ऑपरेशन सवेरा 2.0 के संबंध में ग्राम कैलाशपुर में सभी गांव वासियों की चौपाल लगाई गई व सभी को नशा करने वालों व बेचने वालों के खिलाफ रोकने हेतु जानकारी व रोकथाम के लिए जानकारी दी गई।इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवाओं एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनसमूह को ऑपरेशन सवेरा के उद्देश्यों, नशे के बढ़ते प्रभाव, उसके सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि किस प्रकार नशा न केवल व्यक्ति की प्रगति को रोकता है, बल्कि समाज में अपराध, हिंसा एवं परिवारिक विघटन को भी बढ़ावा देता है। लोगों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, दोस्तों और गांव-समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। चौपाल में उपस्थित समस्त लोगों ने समाज को नशा-मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लिया और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान को पूर्ण सहयोग देने की शपथ ग्रहण की।
