मनीष अग्रवाल
सहारनपुर | पुलिस उपमहानिरीक्षक, परिक्षेत्र,अभिषेक सिंह सहारानपुर द्वारा परिक्षेत्र सहारनपुर के तीनों जनपदों के राजपत्रित अधिकारियों के साथ आगामी 06 दिसंबर के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों के सम्बन्ध में ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान महोदय द्वारा तीनों जनपदों सहारनपुर, शामली एवं मुज़फ्फरनगर के अधिकारियों को आगामी 06 दिसंबर के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाये रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सामान्य बनाए रखने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए । डीआईजी द्वारा तीनों जनपदों में संवेदनशील क्षेत्रों का पूर्व चिन्हांकन कर वहाँ समुचित संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा निरंतर गश्त, ड्रोन सर्विलांस एवं पिकेटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
किसी भी संभावित उपद्रवी तत्व पर समय रहते प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि परिक्षेत्र मे कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ एवं सामान्य बनी रहें। इसके अतिरिक्त डीआईजी ने अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में स्थानीय धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने हेतु गोष्ठियाँ आयोजित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया एवं डिजिटल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक, भड़काऊ एवं अनुमानों पर आधारित खबरों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतनेके निर्देश दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी अफवाह, गलत सूचना या उकसावे वाली सामग्री के प्रसार को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा ऐसी सामग्री का समय से खंडन करते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जाए।
