मनीष अग्रवाल
सहारनपुर | रविवार को पुलिस लाइन में मिशन शक्ति अभियान फेस 5 के अंतर्गत“एडवांस्ड मेंस्ट्रूअल हाइजीन मैनेजमेंट” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन सहारनपुर स्थित सभागार में ट्रेनिंग धरती प्रोजेक्ट के अंतर्गत लाल सखी फाउंडेशन द्वारा “एडवांस्ड मेंस्ट्रूअल हाइजीन मैनेजमेंट” विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लाल सखी फाउंडेशन की फाउंडर एवं डायरेक्टर सुश्री प्रीति जांगड़ा द्वारा प्रतिभागी महिला पुलिसकर्मियों को माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन के नवीन महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जनपद सहारनपुर से लगभग 80 महिला पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रीति जांगड़ा एवं उनकी टीम द्वारा महामारी प्रबंधन की नवीन तकनीक आधारित उत्पाद मेंस्ट्रूअल कप के लाभ तथा उपयोग की विधि पर विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सी.ओ. सहारनपुर नगर सुश्री रूचि गुप्ता रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि माहवारी महिलाओं के जीवन का एक प्राकृतिक एवं महत्वपूर्ण वरदान है, जिसके प्रति सही जागरूकता एवं स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के उपरांत लाल सखी फाउंडेशन की फाउंडर एवं डायरेक्टर प्रीति जांगड़ा (प्रीति दीदी) द्वारा सभी महिला पुलिसकर्मियों को माहवारी कप (Menstrual Cup) वितरित किए गए तथा हेल्पलाइन नंबर भी प्रदान किया गया, जिसके माध्यम से महिलाएँ किसी भी समस्या की स्थिति में वीडियो कॉल अथवा साधारण कॉल द्वारा काउंसलिंग प्राप्त कर सकती हैं। अंत में लाल सखी फाउंडेशन की फाउंडर एवं डायरेक्टर सुश्री प्रीति जांगड़ा द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी सुश्री रूचि गुप्ता का इस महत्वपूर्ण पहल को सफल रूप से संपादित करने हेतु धन्यवाद व्यक्त किया गया।
