विश्व शांति केंद्र के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स.)। अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक जैन आचार्य लोकेश ने बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर विश्व शांति केंद्र के उदघाटन समारोह एवं विराट संत सम्मेलन पर विस्तृत चर्चा की। दिल्ली सचिवालय में हुई मुलाकात के दौरान जैन आचार्य लोकेश ने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि विश्व शांति केंद्र का उद्घाटन और विराट संत सम्मेलन आध्यात्मिक चेतना एवं मानव कल्याण का अद्भुत कुम्भ है। उन्होंने कहा कि आध्यात्म का मानव कल्याण और समाज सुधार में महत्वपूर्ण योगदान है। दिल्ली-एनसीआर में स्थापित यह केंद्र विश्व शांति और सद्भावना के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगा।

जैन आचार्य लोकेश ने बताया कि विश्व शांति केंद्र की स्थापना का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और शांति शिक्षा के माध्यम से विश्व शांति और सद्भाव को बहुत बड़े पैमाने पर जीवंत करना है। दो मार्च को हरियाणा के गुरुग्राम में नवनिर्मित विश्व शांति केंद्र के उद्घाटन समारोह को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रवि शंकर, योग गुरु स्वामी रामदेव, कथावाचक मोरारी बापू भी संबोधित करेंगे।

———–

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights