नगर पंचायत रामपुर में मानसून से पहले सफाई अभियान

रुड़की, 18 जून (हि.स.)। मानसून से पहले संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर पंचायत रामपुर में व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज़ सुल्तान ने वार्ड नंबर-8 में पहुंचकर नालों की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से गंदगी और कीचड़ को बाहर निकाला गया।

चेयरमैन परवेज़ सुल्तान ने कहा कि “बरसात से पहले नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में नालों की सफाई तेजी से कराई जा रही है। हमारा लक्ष्य है कि किसी भी नागरिक को बारिश के दौरान जलभराव की परेशानी न उठानी पड़े।” उन्होंने सफाई कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्य समयबद्ध, सतत और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

नगर पंचायत के अधिकारियों के अनुसार, सफाई अभियान चरणबद्ध ढंग से चलाया जा रहा है। हर वार्ड में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार संसाधनों को लगाया जा रहा है। वहीं, नागरिकों ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर सफाई पूरी हो गई तो बारिश में बहुत राहत मिलेगी। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि पिछले वर्षों में जलभराव वाली जगहों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के साथ-साथ नालों में जमे कचरे के निष्पादन की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights