मुज़फ्फरनगर।रिज़र्व पुलिस लाइन्स मुज़फ्फरनगर में बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का लोकार्पण और माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा ने भी चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन संपूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारा और सदमार्ग को अपने जीवन में अपनाकर विश्व पटल पर भारत की अलग पहचान बनाई।

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से आह्वान किया कि वे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन सत्य, परिश्रम और ईमानदारी के मार्ग पर चलते हुए करें तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा में निरंतर योगदान दें।कार्यक्रम में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने राष्ट्र की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के लिए निष्ठापूर्वक सेवा करने की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर पुलिस विभाग में निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कर्मचारियों को कंबल वितरण कर सम्मानित किया।पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। सभी ने गांधी और शास्त्री जी के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हुए देशहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।
