नई दिल्ली, 29 अक्टूबर । भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को वायु सेना के एयरबेस अंबाला से लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरकर इतिहास रचा दिया। उनके साथ ही वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने एक अन्य विमान में उड़ान भरी। राष्ट्रपति मुर्मु इससे पहले असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई फाइटर विमान में उड़ान बहर चुकी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु सुबह हरियाणा के अंबाला एयर फोर्स स्टेशन पहुंचीं, जहां एयर चीफ मार्शल एपी सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति को यहां पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह राफेल विमान में सवार हुईं और अंबाला के आसमान में उड़ान भरीं।
राष्ट्रपति को आसमान में ले जाने वाले विमान के पायलट ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी थे, जो भारतीय वायु सेना की नंबर 17 स्क्वाड्रन ‘गोल्डन एयरो’ के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) भी हैं। इससे पहले 8 अप्रैल, 2023 को राष्ट्रपति मुर्मु असम के तेजपुर एयर फोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई फाइटर विमान में उड़ान भरी थीं। इसके साथ ही वह फाइटर जेट में उड़ान भरने वाली तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्राध्यक्ष बन गयी हैं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल ने भी सुखोई-30 एमकेआई फाइटर विमान में उड़ानें भरी थीं।
