राष्ट्रपति उद्यान की परिकल्पना सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किए जा रहे इस उद्यान के भीतर थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह और पक्षीशाला, सुरम्य झील जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे। देश का दूसरा सबसे ऊॅंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ इस उद्यान की पहचान का अहम हिस्सा होगा। उद्यान में पैदल एवं साईकिल ट्रैक, सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु आठ सौ से अधिक लोगों की क्षमता का एक मुक्ताकाशी रंगमंच, सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा की भी व्यवस्था होगी।

राष्ट्रपति निकेतन परिसर के भीतर घुड़ सवारी क्षेत्र (हॉर्स राइडिंग एरीना) का एक नया आकर्षण भी जल्द आम लोगों के अवलोकन के लिए उपलब्ध जाएगा। जहां पर आम लोग प्रेजीडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों की सवारी एवं देखभाल के तौर-तरीकों का नजदीक से साक्षात्कार कर सकेंगे। इस एरीना में राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के 6 घोड़े लाए जा रहे हैं। यह घोड़े प्रेजीडेंट्स बॉडीगार्ड की गरिमा और परंपरा के गौरवशाली प्रतीक रहे हैं।

इन परिसरों तक आगंतुकों के सुगम व सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए राजपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग ( उत्तराखंड ) द्वारा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशिल्प की छाप वाले इस फुटओवर ब्रिज पर के दोनों तरफ लिफ्ट की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 32 मीटर लंबे तथा चार मीटर चौड़ाई वाले इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण छः माह के भीतर पूरा किया गया है।

राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आगामी प्रस्तावित यात्रा के दौरान नवनिर्मित हॉर्स राइडिंग एरीना एवं ओवर फुट ब्रिज का लोकार्पण किए जाने की संभावना है।

*जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन*

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का गत 20 जून को लोकार्पण किया गया था। यह दोनों स्थल पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। राष्ट्रपति सचिवालय के जन संपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि बीते चार माह में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 लोगों ने तथा राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोगों ने भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि निर्माणधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष 20 लाख लोगों के आने का अनुमान है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights