शामली। माजरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की। उनका आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण महिला की जान गई। सूचना पर पहुंची थाना आदर्श मंडी पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शहर के मोहल्ला बड़ी माता मंदिर रोड निवासी चुन्नीलाल की पत्नी अंजू को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन माजरा रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन से प्रसव होने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि गलत उपचार के चलते महिला की अचानक हालत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस दौरान डॉक्टरों ने हाथ खड़े करते हुए उसे हायर सेंटर ले जाने की बात कही, लेकिन महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

इसके बावजूद परिजन उसे एक अन्य अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इससे गुस्साए परिजन मृतका का शव लेकर वापस निजी अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि वहां स्टाफ ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस पर परिजनों ने नाराज़ होकर अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख अस्पताल का स्टाफ और डॉक्टर मौके से भाग गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान परिजनों की पुलिस से कहासुनी भी हुई। बाद में गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights