संसद परिसर में राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री करने के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद कल्याण बनर्जी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर सियासत गरमाई हुई है। संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस मामले को सदन में भी उठाया था। जिसके बाद सभापति ने इसे अपना अपमान बता था। उनका कहना था कि किसान और जाट पृष्ठभूमि से आने के कारण उनका अपमान किया जा रहा है।

अब इस मामले में कल्याण बनर्जी का बयान सामने आया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी का अपमान नहीं किया है। टीएमसी सांसद ने कहा,”मेरे मन में उपराष्ट्रपति के लिए काफी सम्मान है। मिमिक्री करना तो एक कला है। पीएम ने भी मिमिक्री की थी। मेरा इरादा दुख पहुंचाने का नहीं था।” हालांकि, जब बनर्जी से माफी मांगने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ तौर पर इनकार कर दिया।

कल्याण बनर्जी से जब पूछा गया कि क्या वो इस मामले में माफी मांगेंगे तो उन्होंने कहा, “नो (NO)”

सोमवार को 78 सांसदों के निलंबन के बाद मंगलवार को अन्य 49 सांसदों को ‘गंभीर कदाचार’ के आरोप में शेष सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया था। सांसदों के निलंबन के बीच सदन के बाहर कल्याण बनर्जी राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहां मौजूद थे। उन्होंने ऐसा संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान किया था।

जब कल्याण बनर्जी सभापति की नकल उतार रहे थे। उस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनका वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए। इसके साथ ही बनर्जी के मजाक पर राहुल गांधी सहित विपक्ष के सभी नेता हसंते हुए नजर आए थे। कल्याण बनर्जी के खिलाफ दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एक वकील ने शिकायत भी दर्ज कराई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights