ईद के दृष्टिगत शांति कमेटी की बैठक, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

नैनीताल, 4 जून (हि.स.)। आगामी ईद के पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के उद्देश्य से नैनीताल के मल्लीताल कोतवाली में बुधवार को शांति कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षण पीएन मीणा के निर्देशों पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे डॉ जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक अपराध व यातायात नैनीताल ने सभी उपस्थितों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

बैठक में बताया गया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा गया कि जुमे की नमाज मस्जिदों के अंदर ही पढ़ी जाए और सड़क पर कोई अव्यवस्था न हो।

कुर्बानी के लिए केवल प्रशासकीय रूप से निर्धारित स्थलों का ही प्रयोग किया जाए और खुले में कुर्बानी न की जाए। साफ-सफाई और अवशेष के निस्तारण का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया। सभी धार्मिक अनुयायियों से अनुरोध किया गया कि वे किसी भी धर्म की भावना को ठेस पहुंचाने वाले वक्तव्यों या कृत्यों से बचें। बताया गया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी, और किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री के प्रचार-प्रसार पर कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। स्थानीय थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में गश्त व पिकेट बढ़ाएं, तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें। साथ ही नगर पालिका, जल संस्थान व विद्युत विभाग को आवश्यक सेवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। बैठक में मल्लीताल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत, नगर निकाय अधिकारी, जल संस्थान व विद्युत विभाग के प्रतिनिधि, व्यापारी संगठन, जनप्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक समूहों के सदस्य, अभिसूचना इकाई, मीडियाकर्मी तथा स्थानीय पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights