स्टॉक मार्केट में ओसवाल पम्प्स की मजबूत एंट्री, मुनाफे में कंपनी के आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। सोलर पंप और सबमर्सिबल बनाने वाली कंपनी ओसवाल पम्प्स के शेयरों की आज स्टॉक मार्केट में मजबूत एंट्री हुई। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 614 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग 632 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 634 रुपये के स्तर पर हुई। इस तरह मार्केट में एंट्री करते ही कंपनी के आईपीओ निवेशकों को करीब 3 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल गया। मार्केट में एंट्री के बाद भी कंपनी के शेयर फिलहाल मजबूती दिखा रहे हैं। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे ये शेयर 644.40 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह कंपनी के आईपीओ निवेशकों को अभी तक 4.95 प्रतिशत का फायदा हो चुका है।

ओसवाल पम्प्स का 1,387.34 करोड़ रुपये का आईपीओ 13 से 17 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 34.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 88.08 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 36.70 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 3.60 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 890 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 81 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए बेचे गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने, पुराने कर्ज को चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 16.93 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 34.20 करोड़ रुपये और 2023-24 में 97.67 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 47 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 761.23 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल से दिसंबर 2024 के दौरान कंपनी को 216.71 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जबकि इस दौरान कंपनी को 1,067.34 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights