महिला पुलिसकर्मी छात्राओं और महिलाओं को करा रहीं सुरक्षा का अहसास, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी |
शामली। महिलाओं, युवतियों और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में “शक्ति मोबाइल” टीम का गठन किया गया है। इस टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मी लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को सुरक्षा का अहसास करा रही हैं।शुक्रवार को शक्ति मोबाइल टीम ने शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को सरकार की ओर से संचालित हेल्पलाइन सेवाओं जैसे महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड लाइन 1098 और महिला थाना की सुविधाओं से अवगत कराया।सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत शामली पुलिस ने यह पहल की है।टीम में महिला उपनिरीक्षक शिवानी चौधरी के नेतृत्व में हैडकांस्टेबल बाला, श्वेता, सुनीता, रेशम तोमर सहित अन्य महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह टीम स्कूल-कॉलेज, बाजार, महाविद्यालय, सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से गश्त करेगी।महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि यह पहल न सिर्फ छात्राओं और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें निडर होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगी।
