new-regional-office-ready-in-ayodhya

-योगी सरकार का रामनगरी को एक और उपहार, 2.83 करोड़ से हुआ तैयार

-श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा, साकेत पेट्रोल पंप के निकट हुआ तैयार

अयोध्या, 5 दिसंबर । श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या विश्व पटल पर एक प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो चुका है। पिछले दो वर्षों में यहां आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। इस बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने का क्रम लगातार जारी रखा है।

इसी कड़ी में सरकार नए वर्ष से पहले अयोध्या में क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय भवन का तोहफा दे सकती है। इसका निर्माण पूरा हो चुका है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार साकेत पेट्रोल पंप के पास मल्टीलेवल पार्किंग स्थल के निकट लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से यह आधुनिक पर्यटन कार्यालय भवन बनाया गया है। इस भवन का निर्माण यूपीपीसीएल कार्यदायी द्वारा कराया गया था।

जानिए भवन में कैसा है इंफ्रास्ट्रक्चर

नए पर्यटन कार्यालय भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। भूतल पर आगंतुकों के लिए विश्राम कक्ष , रिसेप्शन काउंटर, पर्यटक सूचना केंद्र तथा बैठक कक्ष बनाए गए हैं। प्रथम तल पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए चैंबर, स्टाफ रूम तथा एक बड़ा कांफ्रेंस हॉल है, जहां पर्यटन से जुड़े सेमिनार, शौचालय, कार्यशालाएं व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। भवन में आधुनिक लाइट व सीसीटीवी कैमरे की भी विशेष व्यवस्था है।

पर्यटकों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं

जिला अधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे ने बताया कि अब अयोध्या में एक और पर्यटन कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। राम मंदिर दर्शन के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक गाइड, होटल बुकिंग, होमस्टे तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी लेने कार्यालय पहुंच सकते हैं। पर्यटकों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights