मुजफ्फरनगर। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नई मण्डी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 814 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपये है और अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 करोड़ रूपये है । पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लेकर मीरापुर से मुजफ्फरनगर की ओर आ रहे हैं। इस पर थाना नई मण्डी पुलिस ने सिलाजुड्डी कट के पास चेकिंग अभियान चलाया। कुछ देर बाद एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बोरों में भरा गांजा मिला। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार तस्करों की पहचान भूषण पुत्र जहारु निवासी हरिद्वार और अखलत पुत्र उस्मान निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य साथी किफायत उर्फ आमिर और खुर्रम फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पेशे से ट्रक चालक हैं और किफायत तथा खुर्रम के लिए काम करते हैं। यह दोनों उड़ीसा से गांजा मंगवाते थे और प्रति ट्रिप 20 हजार रुपये देकर ट्रक चालकों से माल की ढुलाई कराते थे। ट्रक भी किफायत ने खरीदा था, लेकिन अपने नाम से पंजीकृत नहीं कराया था। आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसकी आपूर्ति करते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार समाज की जड़ें कमजोर कर रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।इस कार्रवाई में थाना नई मण्डी के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संदीप सिंह, शेखर काण्डपाल, शुभम चौहान तथा कांस्टेबल रोहित कुमार, मुनेश कुमार, जयवीर सिंह और अभिषेक नागर की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।गांजे की इस खेप को पकड़ने के लिए नई मंडी पुलिस टीम को एसएसपी मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने 20 हज़ार रूपये के इनाम से सम्मानित किया |
