स्टॉक मार्केट में नेप्च्यून पेट्रोकेमिकल्स की जोरदार एंट्री, लिस्टिंग के बाद खरीदारी से बढ़ा निवेशकों का मुनाफा

नई दिल्ली, 4 जून (हि.स.)। कोलतार (डामर) और इससे जुड़े उत्पाद बनाने वाली कंपनी नेप्च्यून पेट्रोकेमिकल्स ने स्टॉक मार्केट में धांसू एंट्री करके अपने निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 122 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी 8.81 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 132.75 रुपये के स्तर पर लिस्टिंग हुई। लिस्टिंग के साथ ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस शेयर की चाल में तेजी आ गई, जिसके कारण आज पहले दो घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 11:15 बजे तक ये उछल कर 137 रुपये के स्तर तक पहुंच गया था। इस तरह कंपनी के आईपीओ निवेशकों को अभी तक के कारोबार में 12.30 प्रतिशत का मुनाफा हो चुका है।

नेप्च्यून पेट्रोकेमिकल्स का 73.20 करोड़ रुपये का आईपीओ 28 से 30 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ में 1,000 शेयर के कम से कम दो लॉट में बोली लगाने की बात तय की गई थी, जिसकी वजह से खुदरा निवेशकों में इसमें जगह नहीं मिल सकी। अन्य सेगमेंट में इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 4.11 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 7.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 2.91 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 60 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी ऑफिस स्पेस और मशीनीरी खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 68 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 10.39 करोड़ रुपये और 2023-24 में 20.82 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी के राजस्व में लगातार उतार चढ़ाव होता रहा। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 82.16 करोड़ रुपये, 2022-23 में 709.31 करोड़ रुपये और 2023-24 में 675.97 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। पिछले वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल से दिसंबर 2024 के बीच कंपनी को 19.47 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था। इसी तरह इस अवधि में कंपनी 620.16 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी थी।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights