नेपाल में 20 साल तक जुलाई माह में चलाया जाएगा सागरमाथा पौधरोपण मेगा अभियान

काठमांडू, 24 जून (हि.स.)। नेपाल ने आगामी 20 वर्षों के लिए प्रतिवर्ष जुलाई माह में मेगा पौधरोपण अभियान चलाने की घोषणा की है। इस विशाल अभियान के तहत देश भर में विभिन्न फलों और स्थानीय पेड़ों के पौधे लगाए जाएंगे।

वन तथा वातावरण मंत्रालय के अनुसार काठमांडू में 16-18 मई को हुए सागरमाथा संवाद कार्यक्रम में सागरमाथा संवाद में हिमनदियों को बचाने का आह्वान किया गया था, क्योंकि पहाड़ों पर बर्फ पिघलने से निचले तटीय क्षेत्रों पर भारी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसी के साथ पौधरोपण अभियान चलाने का भी आह्वान किया गया था। इस पर सोमवार को मेगा अभियान शुरू करने के लिए एक मंत्रिस्तरीय निर्णय लिया गया। फैसले के अनुसार 2045 तक हर साल 1 जुलाई से 31 जुलाई तक उपयुक्त भूमि पर पौधे लगाए जाएंगे और इस तरह लगाए गए पौधों की रक्षा की जाएगी।

वन और पर्यावरण मंत्री ऐन बहादुर शाही ठाकुरी ने बताया कि यह विशाल अभियान हिमालय को बचाने के महत्वपूर्ण प्रयासों में से एक होगा। नेपाल ने 2045 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धता जताई है। उम्मीद है कि यह विशाल अभियान लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान देगा। अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने और इसे सफल बनाने के लिए विभिन्न निकायों से शामिल होने का अनुरोध किया गया है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights